अमृतसर। जिले के राजासांसी इलाके के गांव जगदेव कलां में घरेलू विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कुछ लोगों ने घर में घुसकर एक पुलिस कांस्टेबल की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव जगदेव कलां निवासी पुलिस कांस्टेबल जगजीत सिंह गुरदासपुर के डीएसपी के साथ सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह कल शाम अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौटे थे।
इसी दौरान देर शाम गांव के ही कुछ लोग, जिनमें बलराज सिंह भी शामिल बताया जा रहा है, अपने 8 से 10 साथियों के साथ गाड़ियों में सवार होकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि किसी घरेलू विवाद को लेकर आते ही आरोपियों ने जगजीत सिंह और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मृतक की पत्नी हरजीत कौर के अनुसार हमलावरों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया। मारपीट के दौरान जगजीत सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

