पटियाला। पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज के छात्र की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 24 साल के कमल कुमार के तौर पर हुई है। वह फाइनल ईयर का स्टूडेंट था और मानसा जिले के बरेटा का रहने वाला था। कमल कुमार पटियाला के न्यू लाल बाग इलाके में पीजी में रहता था। इसी पीजी के कमरे से छात्र की खून से लथपथ लाश मिली है। हत्या सुबह हुई, लेकिन जब उसने दिन भर किसी का मोबाइल फोन कॉल नहीं उठाया तो रात में उसके जानने वाले पीजी पहुंचे। वहां जाकर पता चला कि युवक की हत्या कर दी गई है। फिलहाल सिविल लाइंस थाना और न्यू ऑफिसर कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक न्यू लालबाग इलाके के इस मकान में करीब चार स्टूडेंट पीजी के तौर पर रहते थे। सभी स्टूडेंट का पता लगाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक टीम के अलावा , डीएसपी, सिविल लाइंस थाना इंचार्ज और दूसरे अधिकारी मौके का जायजा ले रहे हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि कमल कुमार के पास रविवार को कोई दोस्त रहने के लिए आया था। वारदात के बाद से वह फरार है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में उसे जाता हुआ देखा गया है। फिलहाल शक की सुई इसी दोस्त की तरफ है।

