जालंधर।
शुक्रवार सुबह जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में उस समय दहशत फैल गई, जब गुरुद्वारा साहिब के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलने से पूरा इलाका गूंज उठा। आम आदमी पार्टी के नेता और पार्षद पद का चुनाव लड़ चुके लक्की ओबेरॉय की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई। जानकारी के अनुसार लक्की ओबेरॉय रोजाना की तरह सुबह करीब 8:15 बजे गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वह गुरुद्वारे से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
बताया जा रहा है कि हमलावर थार गाड़ी में सवार थे और उन्होंने लक्की ओबेरॉय पर 8 से 10 गोलियां चलाईं। इनमें से कई गोलियां उनकी छाती और सिर में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार लक्की ओबेरॉय आम आदमी पार्टी की नेत्री राजविंदर थियाडा के निकटवर्ती माने जाते थे और पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका रहती थी। इसके साथ ही वह फाइनांस (वित्तीय लेन-देन) के व्यवसाय से भी जुड़े हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही इन्वेस्टिगेशन टीम के एसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के कारणों की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश के लिए नाकाबंदी भी की गई है।

