जालंधर – पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने एक मानवीय पहल के तहत बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए अपना एक साल का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने की घोषणा की है। राज्य में हाल ही में आई भीषण बाढ़ ने अनेक जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिसके चलते सरकार और समाजसेवी संस्थाएं राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा, “यह समय एक-दूसरे का सहारा बनने का है। जिन लोगों ने अपने घर, खेत और जीविका खो दी है, उनकी मदद के लिए हम सबकी जिम्मेदारी बनती है। मैंने यह निर्णय अपने कर्तव्य और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए लिया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी कैबिनेट के सदस्यों ने एक महीने का वेतन दान करने की घोषणा की थी। लेकिन डॉ. रवजोत सिंह द्वारा एक वर्ष की पूरी सैलरी देना एक अनुकरणीय और प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
राज्य भर के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने मंत्री के इस कदम की सराहना की है और उन्हें बाढ़ राहत प्रयासों में अग्रणी योगदानकर्ता बताया है।
डॉ. रवजोत सिंह ने आम लोगों से भी अपील की कि वे आगे आकर राहत कार्यों में योगदान दें, चाहे वह आर्थिक सहायता के रूप में हो, सामग्री दान के रूप में हो या स्वयंसेवा के रूप में।