जालंधर । पंजाब से जुड़ा नशे की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। थाईलैंड से लौटते ही एक युवती को अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात जैसे ही युवती थाईलैंड से आई फ्लाइट से अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरी, पहले से तैनात एजेंसियों की टीमों ने उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.5 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद किया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद नशा कोकीन या हेरोइन हो सकता है।
NCB सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार युवती की पहचान मुक्तसर जिले के मलोट रोड स्थित कीरत नगर निवासी आरती कौर के रूप में हुई है। एजेंसियों को पहले से इनपुट मिला था कि आरती कौर 10 जनवरी को अपने आकाओं के निर्देश पर अमृतसर एयरपोर्ट से थाईलैंड गई थी और सोमवार को नशे की बड़ी खेप लेकर वापस लौटने वाली है।
इसी सूचना के आधार पर NCB और ANTF की टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया और एयरपोर्ट पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया है कि आरती कौर के आकाओं के अमेरिका, कनाडा सहित कई अन्य देशों से भी संपर्क हैं। बताया जा रहा है कि यह अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क पाकिस्तान के रास्ते अन्य देशों से भारत तक फैला हुआ है।
गिरफ्तार युवती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी रैकेट से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

