नरेश भारद्वाज
जालंधर। शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित जन्मदिन समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब होटल हिस्सेदारी विवाद ने कथित तौर पर नया रूप ले लिया। डॉ. प्रीति दुआ ने डॉ. परमजीत मरवाहा पर कार्यक्रम में घुसकर महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने, धमकियां देने और माहौल बिगाड़ने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
डॉ. दुआ के अनुसार, 12 फरवरी को उनकी भतीजी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान डॉ. मरवाहा वहां पहुंचे और महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कथित तौर पर धमकी दी कि वे “नीचे आकर देख लेंगे।” कुछ ही देर में कहासुनी ने हाथापाई का रूप ले लिया।
परिवार का दावा है कि पिछले सात महीनों से उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस विवाद के पीछे होटल में हिस्सेदारी को लेकर पुरानी रंजिश है। आरोप है कि मरवाहा अपने रसूख और संसाधनों का दबाव बनाकर परिवार को झुकाने की कोशिश कर रहे हैं। डॉ. दुआ ने यह भी कहा कि लगातार तनाव के कारण उनके पिता मानसिक अवसाद से गुजर रहे हैं।
पगड़ी के अपमान को लेकर भी आरोप लगे, लेकिन परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उनका कहना है कि हाथापाई के दौरान पगड़ी ढीली हुई थी, जिसे सम्मानपूर्वक मेज पर रख दिया गया। परिवार का दावा है कि वीडियो फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि किसी ने धार्मिक भावनाएं आहत नहीं कीं।
हालांकि, डॉ. परमजीत मरवाहा की ओर से केस दर्ज करवाया गया है जिसमें उनकी पगड़ी की बेअदबी का आरोप लगा है। सीसीटीवी भी वायरल हुयी है जिसमें डॉ मरवाहा को बुरी तरह से पीटा जा रहा है।

