नरेश भारद्वाज की खास रिपोर्ट….
जालंधर। बेशक चुनाव को एक साल से अधिक का समय पड़ा है लेकिन जालंधर की सियासत की बिसात में खाकी का जलवा दिखेगा। कई रिटायर पुलिस अधिकारी कमर कस रहे हैं और शतरंज की बिसात बिछा रहे हैं। जालंधर में मौजूदा समय में बलकार सिंह आप से करतारपुर से विधायक हैं, जो पंजाब के मंत्री भी रह चुके हैं और जालंधर के डीसीपी भी।
कमांडेंट रिटायर होने वाले हरविंदर सिंह डल्ली भी मैदान सजा रहे हैं। वह भाजपा में सक्रिय हैं। उनकी सास मोहिंदर कौर जोश पंजाब की सीपीएस व विधायक रह चुकी हैं। डल्ली भाजपा के लिए ग्रामीण इलाकोें में ताकत झोंक रहे हैं। वह भाजपा के सभी कार्यक्रमों व नीतियों को ग्रामीण इलाकोैं तक ले जा रहे हैं। रिटायर डीसीपी राजिंदर सिंह करतारपुर के कांग्रेस के इंचार्ज हैं। वह लकड़ी की इस मार्केट वाले हलके में अपनी ताल ठोक रहे हैं। मुकाबला दिलचस्प होगा, जब दो रिटायर डीसीपी राजिंदर सिंह व बलकार सिंह आमने सामने होंगे। वहीं पीएपी से रिटायर होने वाले तेजतर्रार अधिकारी भी कैंट से टिकट के लिए जुगत लगाने लगे हैं। उनकी रिहायश कैंट इलाके में है। जमीनी स्तर पर व मीडिया में उनकी खासी पकड़ है।
जालंधर ग्रामीण इलाके से रिटायर होने जा रहे एक एसपी भी तैयारी कर रहे हैं। जिनका जलवा फगवा़ड़ा के बाद से शुरू होता है और सतलुज तक जाता है। सोशल कार्य से लेकर गरीबों की मदद करने में खाकी वाले इस अधिकारी का काम लाजवाब रहा है और इलाके के लोग उसके खासे फैन है। उसकी कार्यशैली काफी प्रभावित करती रही है। रिटायर एसएसपी कुलवंत सिंह हीर भी अपनी लकीर खींच रहे हैं। वह जालंधर वेस्ट से लड़ेंगे या फिर नवांशहर से, इसको लेकर वह चुनावी मंथन में जुट गए हैं। उनकी नवांशहर व बंगा में खासी फैन फॉलोइंग है। कुल मिलाकर कहा जाए तो इस बार खाकी की जंग दिलचस्प होने जा रही है।