पंजाब के खरड़ में आज दोपहर पुलिस ने मुठभेड़ मे एक लुटेरे को घायल कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार लूट के एक आरोपी को पकड़ने के लिए नाका लगाया हुआ था आरोपी जब बाइक पर सवार आया तो उसने पुलिस को देखते ही गोलियां चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती करवाया आरोपी की पहचान भूपिंदर सिंह के तौर पर हुई है, जो लुधियाना का रहने वाला है। आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर कार लूट की वारदात को अंजाम दिया था। खरड़ पुलिस ने इसके तीन साथियों को एक दिन पहले मलेरकोटला से गिरफ्तार किया था। वहीं चौथा आरोपी भूपिंदर सिंह को आज एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने 17 अगस्त रात 10 बजे हथियारों के दम पर सीजीसी झंजेड़ी के कर्मचारी तारा सिंह और तुषार शर्मा से उनकी आई-20 लूटी थी। चारों बदमाश स्विफ्ट कार पर सवार थे।
पुलिस ने एक दिन पहले आरोपी परगट सिंह, तरनजीत सिंह सोनी व एक अन्य को मलेरकोटला से गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी मलेरकोटला के ही रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई आई 20 कार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद की थी।
चौथा आरोपी भूपिंदर सिंह को सदर खरड़ एरिया के बीच आज पुलिस ने घेरा था। आरोपी बाइक पर सवार था और पुलिस से बचने के लिए उसने गोलियां चला दी। पुलिस की गाड़ी पर एक गोली लगी है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने क्रास फायरिंग की और आरोपी भूपिंदर की दाईं टांग पर गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती करवाया है। आरोपी से एक पिस्टल, बाइक और नशीला पदार्थ भी मिला है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों पर तीन से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।