जालंधर। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ की तबीयत रविवार सुबह अचानक बिगड़ गई। घर पर ही उनकी छाती में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें तुरंत मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने एहतियातन उनकी एंजियोग्राफी समेत सभी जरूरी चिकित्सीय जांच कराई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, विस्तृत जांच और मेडिकल टेस्ट के बाद सभी रिपोर्ट सामान्य पाई गई हैं। फिलहाल सुनील जाखड़ पूरी तरह स्वस्थ हैं और अस्पताल से छुट्टी लेकर घर लौट चुके हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे सुनील जाखड़ की अगुआई में पंजाब भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करनी थी। लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के चलते जाखड़ ने गवर्नर हाउस जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। इसके बाद भाजपा का डेलिगेशन साढ़े 10 बजे पार्टी नेता सुभाष शर्मा के नेतृत्व में राज्यपाल से मिला।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही सुनील जाखड़ चंडीगढ़ में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान सक्रिय भूमिका में नजर आए थे। सीएम भगवंत मान के निवास के घेराव के दौरान वे प्रदर्शन की अगुआई कर रहे थे। हंगामे के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने अन्य नेताओं के साथ जाखड़ को भी हिरासत में लिया था, हालांकि कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
शुक्रवार को ही जाखड़ ने चंडीगढ़ में पूर्व सांसद जगमीत बराड़, पूर्व विधायक रिपजीत बराड़, सीएम के पूर्व ओएसडी ओंकार सिंह बराड़ और पूर्व अकाली नेता चरणजीत बराड़ को भाजपा में शामिल कराया था। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा भी मौजूद रहे।
अबोहर निवासी सुनील जाखड़ पंजाब की राजनीति के बड़े और अनुभवी चेहरों में गिने जाते हैं। उनके पिता बलराम जाखड़ लोकसभा के स्पीकर और केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। सुनील जाखड़ तीन बार विधायक और गुरदासपुर से सांसद रह चुके हैं। कांग्रेस में रहते हुए वे नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

