जालंधर। पंजाब कैबिनेट को लेकर एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। कैबिनेट रैंक प्राप्त विधायक डॉ. सुखविंदर कुमार सुखी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस कदम के बाद पंजाब के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा माघी मेले के दौरान बंगा विधानसभा क्षेत्र के एक डेरा से चोरी हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 169 पावन स्वरूपों को लेकर दिए गए बयान के बाद यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस बयान को लेकर सिख संगत सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों में नाराज़गी देखी जा रही है।
इसी पृष्ठभूमि में डॉ. सुखविंदर कुमार सुखी आज माजारा राजा साहिब स्थित गुरुद्वारा रसूखाना साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने अपने कैबिनेट रैंक से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर स्वयं अपने इस्तीफे की पुष्टि की।
डॉ. सुखी के इस फैसले को सियासी और धार्मिक संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल सरकार या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसका राजनीतिक असर देखने को मिल सकता है।

