चंडीगढ़, 20 अगस्त 2025 :
फायरिंग, किडनैपिंग और फिरौत की बढ़ घटनाओं पर नाराजगी और चिंता व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और विधायक पद्मश्री परगट सिंह ने पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार को जमकर लताड़ा।
विधायक परगट सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि वह इंवैस्ट पंजाब को परमोट कर रहे यह अच्छी बात है, लेकिन इंवैस्टरों की सुरक्षा को पहल के आधार पर यकीनी बनाया जाना चाहिए। इस समय पंजाब की कानून व्यवस्था इस कद्र बिगड़ चुकी है कि न तो कोई व्यापारी, कारोबारी, बिजनैसन और डाक्टर ही सुरक्षित है। उन पर आए दिन जानलेवा हमले हो रहे हैं। शरेआम उनको मौत के घाट उतारा जा रहा है। अपराधियों के दिलों में पुलिस और कानून का खौफ ही खत्म हो गया लगता है।
परगट सिंह ने कहा कि गुरदासपुर में व्यापारी रवि ढिल्लों की गोली मार कर हत्या व जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज़-2 में मशहूर किडनी विशेषज्ञ डॉ. राहुल सूद को किडनैप करने और सरेआम फायरिंग कर गंभीर रूप से जख्मी करने का मामला कानून व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले गुरदासपुर के ढिल्लों को पहले धमकियां मिलती रहीं हैं और उसे 2 गनमैन भी दे रखे थे। बावजूद इसके उसकी हत्या इस बात का संकेत है कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमर्रा चुकी है।
परगट सिंह ने सीएम मान को घेरते हुए कहा कि पंजाब में इन्वैस्ट पंजाब के माध्यम से बिजनैस को बुलावा देने से पहले कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि अबोहर में बीते दिनों मशहूर कारोबारी शो रूम संचालक संजय वर्मा की दिन-दहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि कारोबारियों से फिरौती मांगी जा रही है, दिन-दहाड़े हमले हो रहे हैं और हत्या तो अब आम होती जा रही है।
मोगा के कोट इस्से खां में दिन-दहाड़े एक डाक्टर को गोली मार दी थी। इसके अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रनेड हमला, जालंधर के यू ट्यूबर के घर हमला, इसी माह गुरदासपुर में युवक की गोली मार कर हत्या ऐसे कई मामले हैं जो पंजाब में कानून व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। पहले ऐसा सुनने में आता था कि बिहार में गुंडागर्दी का नंगा नाच होता था, अब यह पंजाब में सरेआम देखने को मिल रहा है।
विधायक परगट सिंह ने कहा कि किसी भी राज्य में कारोबार तभी संभव है जब वहां की आवाम व व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने इस मामले में सीएम भगवंत सिंह मान व पार्टी की चुप्पी और लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब की शांति और सुरक्षा बनाए रखने में नाकाम साबित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि “पंजाब को फोटो खिंचवाने और रिबन काटने वाली सरकार नहीं चाहिए, बल्कि ऐसी सरकार चाहिए जो लोगों को उनके घरों और मोहल्लों में सुरक्षित महसूस करा सके,” परगट सिंह ने अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी, सख़्त से सख़्त सज़ा और पंजाब में डॉक्टरों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक ठोस सुरक्षा योजना बनाने की माँग की। विधायक ने कहा कि पंजाब में आप के विधायक व उसके पुत्र की गुंडागर्दी ने सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, तलवंडी साबो के दिलावर सिंह की दोनों टांगे तोड़ दी गई और फिर प्रैशर बनाया गया कि उसका इलाज ना हो सके।
उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध, गिरोहबाज़ी, गुंडागर्दी और पुलिस जवाबदेही की कमी पंजाब को अराजकता की ओर धकेल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि “अगर डॉक्टर अपने ही शहर में सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद कैसे करें?” परगट सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था के इस मुद्दे को विधानसभा के भीतर और बाहर पूरे जोर से उठाया जाएगा।