दोराहा के रामपुर छावनी रोड पर सोमवार सुबह पंजाब पुलिस और खतरनाक अपराधियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। इस दौरान दोराहा थाने के एसएचओ आकाश दत्त की छाती में गोली लगी, लेकिन उन्होंने जो बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, उसकी वजह से उनकी जान बच गई।
इस मुठभेड़ में पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस पहरे में है।
घटना की जानकारी देते हुए एसपीडी खन्ना पवनजीत चौधरी और डीएसपी पायल जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे दोराहा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धारा 307 के एक मामले में वांछित आरोपी हरसिमरन सिंह मंड, निवासी गांव भुट्टा (थाना देहलों) और उसका साथी एवंजोत भंडाल, निवासी राड़ा साहिब (थाना पायल), बिना नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में हथियारों के साथ दोराहा की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसएचओ आकाश दत्त ने खन्ना सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरपिंदर सिंह के साथ मिलकर नाकाबंदी की योजना बनाई। जब पुलिस पार्टी ने आरोपियों की गाड़ी को रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से अपनी स्कॉर्पियो सीधे पुलिस की सरकारी गाड़ी पर चढ़ा दी।
इसके बाद आरोपी गाड़ी से बाहर निकले और पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान एक गोली एसएचओ आकाश दत्त की छाती में लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण वे सुरक्षित बच गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों ने कुल तीन राउंड फायर किए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एसएचओ आकाश दत्त की गोली एक आरोपी की टांग में लग गई। इस दौरान आरोपी एवंजोत भंडाल को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी हरसिमरन सिंह मंड घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मौके से दो 32 बोर के पिस्तौल और बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके अन्य आपराधिक संबंधों और साथियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल आरोपी हरसिमरन सिंह मंड का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में थाना सदर लुधियाना में अपहरण का मामला दर्ज है, जबकि दूसरा गंभीर मामला थाना माछीवाड़ा (पुलिस जिला खन्ना) में दर्ज है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

